सीडीओ ने ई-केवाईसी को लेकर समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कलक्ट्रेट सभागार में सीडीओ संत कुमार की अध्यक्षता में कृषि विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें कृषि विभाग एवं अन्य विभाग के कर्मचारी को गांव में कैंप लगाकर 15 अक्तूबर तक ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं लैंड सीडिंग कराए जाने का निर्देश दिया।
सीडीओ संत कुमार ने कहा कि सभी कर्मचारी निर्धारित तिथियों पर लगाए गए कैंप में अनिवार्य रूप से पहुंचे, जिसमें ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, बैंक सखी शामिल हैं। सभी ऐसे किसान जिनकी ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग नहीं हुई है, उनका निस्तारण तत्काल इसी कैंप में किया जाए। इस कार्य में सभी खंड विकास अधिकारी जरूर शामिल हो। उन्होंने कहा कि जनपद में अभी 43,330 किसान ऐसे हैं, जिन्होंने ई-केवाईसी नहीं कराई है। अगर यह किसान इन कैंपों में आकर अथवा स्वतः पीएम किसान ऐप के माध्यम से अपनी ई-केवाईसी नहीं करते हैं तो उनकी 15वीं किस्त केंद्र सरकार से स्वतः रोक दी जाएगी। यह कार्य 15 अक्तूबर तक अनिवार्य रूप से कर लें। 16,137 किसान ऐसे हैं, जिनकी बैंक खातों में आधार सीडिंग नहीं हुई है। वह अपने बैंक शाखा में जाकर एनपीसीआई डीबीटी फ्लैग के साथ करा लें अथवा अपने ग्राम में पोस्ट ऑफिस में जाकर खाता खुलवा लें। जिससे उनकी आधार की सीडिंग खाते में हो जाएगी। इस दौरान कृषि विभाग के सभी नोडल अधिकारी, डीपीआरओ, मैनेजर इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक, अग्रणी जिला प्रबंधक, प्रबंधक जनसेवा केंद्र आदि मौजूद रहे।