सांथा। क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर अब गाज गिरना तय है। शनिवार को जिलाधिकारी अनुज मलिक ने क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत परखी। फॉर्म भरने की धीमी रफ्तार देख डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद बीएलओ को तेजी लाने की हिदायत दी।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सबसे पहले सांथा पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने गोइठहा, बेलवा मिश्र, झुडिया, धोबहा और गनवरिया स्थित बूथों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर तैनात बीएलओ से नए मतदाताओं का नाम जोड़ने और पूर्व में काटे गए नामों के सापेक्ष फॉर्म भरवाने की प्रगति रिपोर्ट तलब की। अधिकांश केंद्रों पर फॉर्म भरने की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ अभियान को गति दें। यदि भविष्य में कार्य के प्रति लापरवाही उजागर हुई, तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुधीर कुमार, बीडीओ अमित सिंह, लेखपाल पुष्पेंद्र यादव, बीएलओ मोहम्मद अयूब, नूर आलम, परमात्मा प्रसाद, मंजू चौधरी, सुषमा मिश्रा, हजरा खातून, अमर सिंह, कलीम आदि कर्मी मौजूद रहे।