स्वास्थ्य कार्यक्रमों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम
डीएम की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग की तरफ से चल रहीं योजनाओं की समीक्षा की गई।
डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि प्रदेश सरकार जनपद के लोगों के स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशील है। इसलिए जिले में स्वास्थ्य के विविध कार्यक्रम निरंतर चलाए जा रहे हैं। ऐसी दशा में यह जरूरी है कि इन कार्यक्रमों का क्रियान्वयन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को पोषण की गतिविधियों को सुचारु रूप से चलाए जाने के लिए निर्देश दिए। सभी अधीक्षकों को उन्होंने निर्देशित किया कि जिले में किसी भी स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कोई भी कोताही नहीं होनी चाहिए। अगर ऐसा होता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ डॉ. इंद्र विजय विश्वकर्मा ने कहा कि जिले में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए एमडीए कार्यक्रम मई माह में चलाया जाना है। ऐसी स्थिति में सभी अपने क्षेत्र में तैयारी बैठक के साथ ही प्रशिक्षण का कार्यक्रम पूरा कर लें। क्षय रोग के उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे अभियान को भी प्राथमिकता के तौर पर देखने के निर्देश दिए। डीएम ने मिशन इंद्रधनुष अभियान के तीसरे चरण के लिए भी आवश्यक तैयारियों को पूरा करके उसे सुचारु रूप से चलाने के निर्देश दिए तथा कहा कि कोई भी लाभार्थी महिला या बच्चा टीकाकरण से छूटना नहीं चाहिए।
इस अवसर पर एडीएम मनोज कुमार सिंह, सीडीओ एसएन श्रीवास्तव, सीएमएस डॉ. ओपी चतुर्वेदी, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एस डी ओझा, जिला मलेरिया अधिकारी राम सिंह, डीपीएम विनीत श्रीवास्तव, बीसीपीएम संजीव सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।