एक सप्ताह में तीनों पेंशन योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण कराने के निर्देश
निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों का तय होगा उत्तरदायित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। वित्तीय सत्र समाप्ति की ओर है। विधवा, दिव्यांग और वृद्धा पेंशन योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण अब तक नहीं हो पाया है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई है। डीएम ने एक सप्ताह की मोहलत दी है। डीएम ने तीनों कार्यक्रमों के लाभार्थियों का शत-प्रतिशत आधार प्रमाणीकरण जब तक पूर्ण नहीं हो जाता है, तब तक के लिए जिला प्राेवेशन अधिकारी, जिला दिव्यांग जन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, समस्त बीडीओ, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त एडीओ पंचायत और समस्त ग्राम विकास पंचायत अधिकारियों समेत 107 कर्मियों का वेतन अवरुद्घ कर दिया है।
डीएम प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि शासन का निर्देश है कि निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन योजना के समस्त लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण करा दिए जाएं।
जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में जिला प्रोवेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांग जन अधिकारी,बीडीओ, डीपीआरओ को कई बार निर्देश दिए गए। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के जरिए सार्थक प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
इसकी वजह से शत-प्रतिशत लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण नहीं हो पाया है, जबकि सभी लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण कराया जाना नितांत आवश्यक है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण करानस सुनिश्चित करें।