संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार व एसपी संदीप कुमार मीना की मौजूदगी में बृहस्पतिवार की देर सायं बघौली विकास खंड के ग्राम पंचायत बड़हरा में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम ने ग्रामीणों की समस्याओं काे सुना और जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया।
डीएम ने ग्राम वासियों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी को बुलाकर मौके पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए भी निर्देशित किया। गांव की समस्या, गांव में समाधान के सिद्धांत पर विभिन्न अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित योजनाओं को गांव में लागू किए जाने के संबंध में डीएम ने आवश्यक निर्देश दिए।
जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के बारे में विस्तार से ग्राम वासियों को बताया गया और उनकी समस्याओं को सुना। डीएम व एसपी ने विकास, राजस्व एवं पुलिस संबंधित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम पंचायत की समस्याओं को ग्राम पंचायत के स्तर पर ही नियुक्त कर्मचारियों में समन्वय बनाकर निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया।
चौपाल में ग्रामीणों द्वारा बताया कि प्राथमिक विद्यालय के ऊपर से हाई टेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है, जिस पर डीएम ने विद्युत निगम के अधिशाषी अभियंता को तत्काल विद्युत तार शिफ्ट करवारकर समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक ने गांव में बहू बेटी सम्मेलन आयोजित किए जाने, कम्युनिटी पुलिसिंग आदि के बारे में विस्तार से ग्रामीणों को जानकारी दी गई। उन्होंने ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय के बारे में बताते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाता, एटीएम पिन अथवा ओटीपी न बताएं। उन्होंने कहा कि किसी के साथ यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी हो ही जाती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। चौपाल में सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रभात द्विवेदी, खंड विकास अधिकारी बघौली अर्जित प्रकाश, ग्राम प्रधान विजय कुमार गिरि आदि उपस्थित रहे।