मृतक आश्रित सफाईकर्मचारियों के परिजनों को कलेक्ट्रेट में नियुक्ति पत्र देती डीएम।
- फोटो : KHALILABAD
डीएम ने चार आश्रितों को दिया सफाईकर्मी पद का नियुक्ति पत्र
- लंबे इंतजार के बाद नियुक्ति पत्र मिला तो खिल उठे लोगों के चेहरे
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। डीएम दिव्या मित्तल की ओर से सोमवार को कलेक्ट्रेट में चार आश्रितों को सफाईकर्मी पद का नियुक्ति पत्र दिया गया। लंबे इंतजार के बाद नियुक्ति पत्र पाए लोगों ने डीएम और डीपीआरओ को धन्यवाद दिया।
मृतक सफाई कर्मियों के आश्रितों की नियुक्ति किए जाने की मांग लंबे समय से चल रही थी। डीपीआरओ की ओर से रिक्त पद नहीं होने का हवाला देकर आश्रितों की नियुक्ति के लिए निदेशक पंचायतीराज से मार्गदर्शन मांगा था। कुछ दिन पूर्व सफाई कर्मियों ने सदर विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे के कैंप कार्यालय पहुंच कर घेराव किया था। विधायक जय चौबे ने पंचायती राज निदेशक से वार्ता करके पूरे प्रकरण को समझाया और आश्रितों की नियुक्ति कराए जाने की मांग की। विधायक की सिफारिश का असर उसी दिन हो गया और निदेशक पंचायतीराज की ओर से मार्गदर्शन पत्र डीपीआरओ को भेज दिया गया। डीपीआरओ उमाशंकर मिश्र ने बताया कि आश्रित कोटे में रीता देवी पत्नी स्वर्गीय कुलदीप कुमार, निधि अनुपम पत्नी स्वर्गीय प्रमोद कुमार, सद्दाम हुसैन पुत्र स्वर्गीय मंजूर अली और मैनी देवी पत्नी स्वर्गीय सुशील कुमार की नियुक्ति सफाईकर्मी पद पर हुआ है। डीएम की ओर से सभी को नियुक्ति पत्र दिया गया। यह नियुक्ति आदेश जारी होने की तिथि से 15 दिवस तक वैध होगी। इन्हें 15 दिवस के भीतर अपना योगदान प्रस्तुत करना होगा। आश्रित पद पर इन लोगों को नियुक्ति मिलने पर सफाई कर्मी संघ ने भी खुशी जताई और डीएम, डीपीआरओ के साथ सदर विधायक को धन्यवाद दिया।