विवादित जमीन प्रकरण में जिलाधिकारी ने किए हस्तक्षेप
एसडीएम को पुलिस की रिपोर्ट पर कार्रवाई की दी हिदायत
- पुलिस ने किया दोनों पक्षों के 20 लोगों को शांतिभंग में पाबंद
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मगहर पुलिस चौकी के निकट विवादित जमीन प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। डीएम संदीप कुमार ने प्रकरण में हस्तक्षेप किया। उन्होंने पुलिस रिपोर्ट पर जमीन को कुर्क किए जाने का एसडीएम सदर को निर्देश दिया। इसके साथ ही कानून व्यवस्था में अवरोध पैदा करने वाले दोनों पक्षों को चिह्नित करके शांतिभंग में पाबंद करने का भी निर्देश कोतवाली पुलिस को दिया।
चार दिन पूर्व फरियाद अनसुनी होने पर पूर्व एसएसबी जवान रघुनंदन यादव ने कलेक्ट्रेट परिसर में खुद पर डीजल उड़ेल कर आत्मदाह की कोशिश की थी। उसके बाद प्रशासन हरकत में आया। इधर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप - प्रत्यारोप मढ़े जा रहे हैं। शनिवार को थाना समाधान दिवस में भी एसडीएम रमेशचंद्र ने दोनों पक्षों को बुलाया था। एसडीएम ने तहसीलदार की अध्यक्षता में टीम गठित कर प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट मांगी है। इधर, कोतवाल सर्वेश कुमार ने 26 फरवरी को ही विवादित जमीन प्रकरण में एसडीएम को 145 की रिपोर्ट दी। जिससे विवादित जमीन पर किसी पक्ष के जरिए कोई हस्तक्षेप न किए जा सकें। डीएम संदीप ने बताया कि पुलिस रिपोर्ट के आधार पर विवादित जमीन को कुर्क किए जाने का निर्देश एसडीएम को दिया गया है। जिन लोगों ने गलत तरीका अख्तियार किया है, उनकी जमीन का बैनामा भी निरस्त कराया जाएगा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाल को निर्देश दिया कि शरारती तत्वों के खिलाफ पाबंदी की कार्रवाई करें। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि दोनों पक्षों के 20 लोगों के खिलाफ शांतिभंग में पाबंद कर दिया गया है।