कोरोना को लेकर जागरूकता जरूरत : डीएम
- आशाओं के माध्यम से डोर-टू-डोर कराया जाए प्रचार-प्रसार
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोरोना पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम रवीश गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की और कहा कि कोरोना के डर को दूर करने के लिए लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना वायरस से कोई भी मरीज प्रभावित नहीं है। जनपद के चीन सहित अन्य देशों में रहने वाले लोगों की जानकारी स्वास्थ्य प्रशासन को है। जब भी उनका आगमन जनपद में हो रहा है तो उनकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक मास्क लगाने की आवश्यकता नहीं है। यह व्यवस्था जिन मरीजों में कोरोना वायरस के लक्षण है तथा अटेंडेंट डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मियों के लिए है। उन्होंने सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह से आइसोलेशन वार्ड की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिया है कि आशाओं के माध्यम से डोर-टू-डोर जन जागरूकता अभियान चलाए। इसमें पैरामेडिकल स्टाफ भी सहयोग करें।
बैठक में एडीएम संजय कुमार पांडेय, सीएमएस डॉ. वाईपी सिंह, नोडल अधिकारी डॉ. आलोक सिन्हा, डीपीआरओ उमाकांत मिश्र, निशा यादव, ईओ बीना सिंह, बीईओ खलीलाबाद प्रमोद त्रिपाठी, डॉ. एसडी ओझा, डॉ. जलज खरे, बेलाल अनवर, डॉ. वीपी पांडेय, डॉ. जगदीश पटेल, प्रदीप त्रिपाठी, डॉ. अनिल चौधरी, डॉ. राजेश कुमार, डीएमओ अंगद सिंह, सुनील कुमार चौधरी आदि उपस्थित रहे।