डीएम ने की गोशाला में भूसा दान की अपील
संतकबीरनगर। डीएम दिव्या मित्तल ने बुधवार को ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, समाजसेवियों एवं उद्यमियों से गोशालाओं में भूसा दान देने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जनपद में संचालित गोआश्रय स्थलों में संरक्षित निराश्रित, बेसहारा गोवंशों के भरण-पोषण के लिए भूसा दान करें।
डीएम ने कहा कि निराश्रित गोवंशो को निर्बाध रूप से पूरे साल भरण-पोषण के लिए भूसा भंडारण की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद में गेहूं की कटाई व भूसा बनाने का कार्य चल रहा है तथा क्षेत्र में कृषकों के पास पर्याप्त भूसा उपलब्ध है। ऐसे में किसान अपने खंड विकास अधिकारी, एसडीएम, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सीडीओ या स्वयं उनसे संपर्क कर गोशालाओं को भूसा दान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गोआश्रय स्थलों में संरक्षित निराश्रित, बेसहारा गोवंशों के भरण-पोषण के लिए भूसा दानकर अन्य धार्मिक कार्यो के साथ-साथ इस पुनीत कार्य में भागीदार बने। डीएम ने बताया कि जनपद स्तर पर सर्वाधिक भूसा दान देने वाले दानदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।