सेमरियावां। जिले के शिक्षामित्रों की दिवाली के बाद छठ पर्व भी मायूसी में बीत गया। समय से मानदेय का भुगतान नहीं होने से हजारों शिक्षामित्र आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। त्योहार बीतने के बाद भी उनके खातों में मानदेय नहीं पहुंचा। ऐसे में परिवार के साथ त्योहार मनाने की उम्मीद लगाए बैठे शिक्षामित्रों को निराशा हाथ लगी।
राम कुमार, शिव कुमार, अखिलेश कुमार, जावेद अहमद, इक्तेदार अहमद और भोलेनाथ आदि शिक्षामित्रों का कहना है कि वे नियमित रूप से विद्यालयों में शिक्षण कार्य के साथ विभागीय जिम्मेदारियां भी निभा रहे हैं, लेकिन मानदेय के भुगतान के लिए हर बार इंतजार करना पड़ता है। सीमित आय में परिवार का खर्च चलाना पहले से ही मुश्किल है। त्योहारों पर भी भुगतान नहीं होने से आर्थिक संकट और बढ़ गया है।
शिक्षामित्र संघ के अध्यक्ष रणजीत राय ने बताया कि दीपावली के बाद छठ पर्व तक मानदेय मिलने की उम्मीद थी, लेकिन दोनों त्योहार बीत गए और भुगतान नहीं हुआ। शासन को शिक्षामित्रों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जल्द मानदेय जारी करना चाहिए, ताकि उन्हें परिवार की जरूरतें पूरी करने में परेशानी न हो।
साल में 11 महीने मिलता है मानदेय
शिक्षामित्रों को साल में 11 महीने का ही मानदेय मिलता है। वह भी 18 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से। शिक्षामित्रों का कहना है कि इतनी कम राशि में परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और अन्य घरेलू जरूरतें पूरी करना मुश्किल है। ऊपर से त्योहारों के समय भुगतान में देरी होने से परेशानी बढ़ जाती है। कई शिक्षामित्र आर्थिक तंगी के चलते दीपावली पर मिठाई और अन्य जरूरी सामान तक नहीं खरीद सके। बच्चों की छोटी-छोटी इच्छाएं भी पूरी नहीं कर पाए।