संतकबीरनगर। जिला अस्पताल समेत सीएचसी पर दलालों के द्वारा मरीजों को अन्यत्र ले जाने तथा मरीजों के शोषण के मामलों की निगरानी मंडलीय टीम करेगी। यह मंडलीय टीम अस्पतालों में जाकर औचक निरीक्षण करेगी। इसके साथ ही अन्य स्थानों पर मरीजों को ले जाने के बारे में जांच करेंगे। हर महीने की 25 तारीख को इसकी रिपोर्ट शासन को भेजेंगे।
सरकारी अस्पतालों से मरीजों को निजी अस्पताल जे जाने की लगातार शिकायतें शासन को मिल रही थी। जिसके बाद प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि जन सामान्य को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास हो रहा है लेकिन उसके बाद भी एजेंट मरीजों को निजी अस्पताल में भर्ती करा देते हैं। जिससे सरकार की मंशा पूरी नहीं हो पा रही है।
ऐसे में यह निर्णय लिया गया कि मंडल स्तरीय टीम का गठन कर जिला अस्पताल व सीएचसी पर औचक छापा मारा जाए। पकड़े जाने पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाए। इसकी रिपोर्ट हर माह की 25 तारीख को निदेशालय भेज दी जाए। सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि मंडल स्तर पर टीम का गठन होना है। मंडलीय टीम ही औचक छापा मारेगी।