मेंहदावल बाईपास पर सूना पड़ा अस्थाई बस अड्डा।
संतकबीरनगर। जनपद में सीमा में हाईवे पर डायवर्जन के चलते जिले में सरकारी बसों की कमी हो गई है। स्थिति यह है कि जिले के मेंहदावल बाईपास अस्थायी बस स्टैंड पर सवारियों की संख्या में कमी आई है और बस अड्डा सूना पड़ा रहा। कुछ रोडवेज बसें सवारियों को लेकर आईं जो सिर्फ बस्ती डिपो तक ही जा रही हैं।
सावन माह में कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अयोध्या से बस्ती के बीच हाईवे पर वाहनों का आवागमन 24 जुलाई तक प्रतिबंधित कर दिया गया है। इससे सवारी वाहन भी नहीं चल पा रहे हैं। हाईवे पर यातायात बंद होने की वजह से गोरखपुर से आने वाली रोडवेज की बसें सिर्फ खलीलाबाद से आगे बस्ती तक ही जा रही हैं। बस्ती जाने वाले दोनों लेन पर शहर के मेंहदावल बाईपास पर बैरिकेडिंग लगा दिया गया है। बस स्टैंड पर खड़े रामसिंह यादव बताते हैं कि लखनऊ जाना है, लेकिन अब गोरखपुर के जीरो प्वाइंट पर जाकर बस पकड़नी पड़ेगी। वहीं बंजरिया निवासी हेमलता का कहना है कि अब वह ट्रेन से ही जाएंगी।
जिन लोगों को अपने छोटे वाहनों को लेकर जाना है वह लिंक एक्सप्रेसवे से पूर्वांचल एक्सप्रेस वे में जाकर मिल जा रहे हैं। वहां से वह लखनऊ की तरफ जा रहे हैं।
वहीं जिले से अयोध्या जाने के लिए एकमात्र साधन अयोध्या पैसेंजर है, यह भटनी से गोरखपुर, खलीलाबाद और बस्ती होते हुए अयोध्या को जा रही है। अधिकतर लोग इसी ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं।