मगहर मेें बैरिकेडिंग कर रोके गए वाहन
अयोध्या में कार्यक्रम की समाप्ति तक जारी रहेगा रूट डायवर्जन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद की सीमा में शनिवार की शाम सात बजे से पूर्ण डायवर्जन लागू हो गया। देर शाम को उच्चाधिकारियों का आदेश मिलने के बाद सीओ यातायात दीपांशी राठौर ने मगहर में पहुंचकर डायवर्जन को लागू कराना शुरू कर दिया। अब किसी भी प्रकार के वाहन हाईवे के रास्ते नहीं जाने पाएंगे।
अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के मद्देनजर डायवर्जन किया गया था। अब तक सिर्फ बड़े वाहनों के लिए ही डायर्वजन लागू था। छोटे वाहनों का हाईवे पर आवागमन प्रतिबंधित नहीं किया गया था।
सीओ यातायात दीपांशी राठौर ने बताया कि पहले रात आठ बजे से रूट डायवर्जन का अनुपालन कराने के निर्देश मिले थे। उच्चाधिकारियों के द्वारा सात बजे से ही रूट डायवर्जन का आदेश मिलने के बाद हाईवे पर अयोध्या की तरफ जाने वाले सभी तरह के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित करा दिया गया है। इसी बीच गोरखपुर से लखनऊ की तरफ जाने वाले वाहन दुर्गा मंदिर मगहर से घघसरा, बखिरा-नन्दौर से बांसी सिद्धार्थनगर होते हुए अपने गन्तव्य को जाएंगे। डीघा बाईपास ओवर ब्रिज से मेंहदावल बाईपास चौराहा होकर बखिरा-नन्दौर से बांसी होते हुए रवाना किया जाएगा।
साथ ही धनघटा आंबेडकरनगर से लखनऊ से होते हुए अपने निर्धारित स्थान को जाएंगे। खलीलाबाद से लखनऊ जाने के लिए मेंहदावल बाईपास, बखिरा, बांसी और टेमा रहमत से सेमरियावां, नंदौर, बांसी होते हुए जाने का रूट निर्धारित किया गया है।