-पूर्व सैनिकों व शहीदों के परिजनों को मिलेगा निःशुल्क विधिक परामर्श
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद न्यायाधीश मोहनलाल विश्वकर्मा ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में शुक्रवार को सैनिक विधिक सहायता केंद्र का शुभारंभ किया। सैनिक विधिक सहायता केंद्र की स्थापना का उद्देश्य पूर्व सैनिकों, शहीद सैनिकों के परिजनों तथा उनके आश्रितों को निःशुल्क एवं सक्षम विधिक सहायता प्रदान करना है।
जनपद न्यायाधीश ने कहा कि यह केंद्र केंद्रीय सैनिक बोर्ड, जिला सैनिक बोर्ड एवं राज्य सैनिक बोर्ड के सहयोग से पूर्व सैनिक कल्याण विभाग, रक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित योजना का हिस्सा है। इसके माध्यम से लाभार्थियों को नेशनल लीगल सर्विसेज अथॉरिटी के राष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े विधिक सेवा वकीलों तक सहज, त्वरित और प्रभावी पहुंच सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करते हैं। उनके परिवारों को न्याय और अधिकारों की रक्षा के लिए यह विधिक सहायता केंद्र एक सशक्त माध्यम बनेगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डीएन गोस्वामी ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से पूर्व सैनिकों व शहीद सैनिकों के आश्रितों को निःशुल्क विधिक परामर्श, सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि यह केंद्र सैनिक परिवारों के कल्याण और पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों और युद्ध विधवाओं से आह्वान किया कि वे इस सुविधा का लाभ लें।
इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश, सूबेदार यदुनंदन मिश्रा, हवलदार जंग बहादुर सिंह राठौर, नायब सूबेदार रामबचन, हवलदार चंद्रभान, बिमला देवी, इसरावती देवी आदि मौजूद रहे।