आवास निर्माण में जनपद को प्रदेश में मिला तीसरा स्थान
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। प्रधानमंत्री आवास निर्माण में जिले को प्रदेश में तीसरा और देशभर में छठा स्थान मिला है। परफॉर्मेंस इंडेक्स के आधार पर हुई रैंकिंग में जिले को यह उपलब्धि मिली है। गोरखपुर-बस्ती मंडल में यह सर्वोच्च रैंकिंग है। मुख्यमंत्री का गृह जनपद गोरखपुर राष्ट्रीय स्तर पर 58वें और प्रदेशस्तर पर 43वें स्थान पर है। डीएम ने इस उपलब्धि के लिए सीडीओ को बधाई दी है। देश और प्रदेश के टॉप टेन जनपदों में संतकबीरनगर जिला गोरखपुर-बस्ती मंडल का अकेले प्रतिनिधित्व कर रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले को इस वित्तीय वर्ष में कुल 17043 आवास का निर्माण कराने का लक्ष्य मिला था। इसमें पिछले दो वित्तीय वर्ष के संशोधित लक्ष्य भी शामिल है। सीडीओ हाकिम सिंह ने बताया कि लक्ष्य के सापेक्ष 17034 (99.95 प्रतिशत) लाभार्थियों को प्रथम किस्त का 40 हजार रुपये दिया जा चुका है। शेष नौ लाभार्थियों को आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के चलते बजट नहीं भेजा जा सका। 16934 लाभार्थियों को द्वितीय किस्त का 70 हजार रुपये तथा 16762 को तृतीय किस्त का 10 हजार रुपये भी भेजा चुका है। अब तक 16727 (लक्ष्य के सापेक्ष 98.15 प्रतिशत) आवास पूर्ण हो चुके हैं। शासन स्तर पर परफार्मेंस इंडेक्स के आधार पर प्रदेश और देश के सभी जिलों की एक रैंकिंग जारी की गई है। प्रदेश की रैंकिंग में संतकबीरनगर को तीसरा स्थान व देशभर में छठा स्थान मिला है। शुक्रवार को जारी प्रदेश स्तरीय रैकिंग में संतकबीरनगर को तीसरा, बस्ती को 25वां, देवरिया को 42वां, गोरखपुर को 43वां, सिद्धार्थनगर को 52वां, महराजगंज को 60वां और कुशीनगर को 69वां स्थान मिला है। राष्ट्रीय स्तर की रैकिंग में संतकबीरनगर को तीसरा, बस्ती को 37वां, देवरिया को 57वां, गोरखपुर को 58वां, सिद्धार्थनगर को 69वां, महराजगंज को 82वां और कुशीनगर को 116वां स्थान मिला है।