संतकबीरनगर। जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में जिले ने एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जून 2026 की आईजीआरएस मासिक रैंकिंग में जनपद को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। इसके साथ ही जनपद लगातार 13वीं बार प्रदेश में अव्वल रहा।
एसपी संदीप कुमार मीना के निर्देशन में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें तथा शिकायतों का गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
पुलिस के अनुसार, आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर करते हैं। जांच रिपोर्ट का वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा गहन परीक्षण भी किया जाता है। यदि जांच संतोषजनक नहीं पाई जाती है तो प्रकरण को दोबारा जांच के लिए संबंधित अधिकारी को कड़े निर्देशों के साथ वापस भेजा जाता है।
जून 2026 की रैंकिंग में जनपद के 10 थानों में से 8 थानों ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। हालांकि थाना धर्मसिंहवा और साइबर क्राइम थाना इस उपलब्धि में शामिल नहीं रहे।
पुलिस अधीक्षक ने बेहतर प्रदर्शन पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी गुणवत्ता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।