संतकबीरनगर। बोर्ड परीक्षा में नकल पर नकेल के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों को सामग्री देने के बाद कक्ष निरीक्षकों को कमरे से बाहर रहना होगा। बीच-बीच में कमरे में राउंड लगाकर फिर बाहर बैठना होगा। डीएम ने स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट को परीक्षा केंद्रों पर इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य इमला बोल कर नकल की आशंका को निर्मूल करना है।
परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए प्रशासन ने कई इंतजाम किए हैं। सभी 103 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसी के साथ ही 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी बनाए गए हैं। तीन जोनल व तीन सुपर जोनल मजिस्ट्रेट भी निगरानी में लगे हैं। यही नहीं, हर परीक्षा केंद्र पर दो-दो लेखपालों की तैनाती भी कर दी गई है। जो परीक्षा केंद्रों पर आने जाने वाले अधिकारियों का मोबाइल से क्लिप बनाएंगे और उसकी सूचना कंट्रोल रूम को देंगे।
डीएम ने नए निर्देश के अनुसार, कक्ष निरीक्षकों को प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण और हस्ताक्षर के बाद कक्ष से बाहर बैठना होगा। उन्हें सीसीटीवी कैमरे के सामने भी समय-समय पर आना होगा। सीसीटीवी कैमरे में उनकी हर हरकत आनी चाहिए। इसके साथ ही केंद्रों पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी निरीक्षण कर कक्ष निरीक्षकों की हरकतों पर नजर रखेंगे।
डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने बताया कि परीक्षा सामग्री बांटकर कक्ष निरीक्षक को कक्ष के बाहर बैठना होगा। इसके साथ ही परीक्षार्थियों पर कड़ी निगरानी रखनी होगी। केंद्रों पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी कमरे का निरीक्षण कर कक्ष निरीक्षक की हरकतों पर नजर रखेंगे।