महुली (संतकबीरनगर)। महुली थाना क्षेत्र के तिनहरी गांव में बृहस्पतिवार को पारंपरिक डीह पूजा के दौरान जाखी माई की स्थापना को लेकर एक ही ग्राम पंचायत के दो पुरवों के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चले, इसमें चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत तिनहरी के छोटी तिनहरी पुरवा में पिछले कई दिनों से डीह बाबा की पूजा-अर्चना चल रही है। बृहस्पतिवार को भी ढोल-मंजीरे की धुन पर महिला और पुरुष पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा कर रहे थे। इसी दौरान जाखी माई की स्थापना को लेकर छोटी तिनहरी और बड़ी तिनहरी के ग्रामीणों के बीच विवाद खड़ा हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक इस मुद्दे को लेकर बुधवार को भी दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई थी। मामला थाने तक पहुंचने पर सहमति बनी थी कि पूजा निर्धारित स्थान और नाले के समीप तक ही की जाएगी। इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए थे।
बताया जाता है कि बृहस्पतिवार को पूजा-अर्चना के दौरान बड़ी तिनहरी के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और जाखी माई की स्थापना को लेकर आपत्ति जताने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना में चार लोग चोटिल हो गए।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय और हरिहरपुर चौकी प्रभारी अशोक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और पूर्व में बनी सहमति के अनुसार पूजा निर्धारित सीमा तक ही करने का निर्णय दोहराया।
पुलिस का कहना है कि मामला धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ा है। दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की गई है। प्रशासन की निगरानी में शुक्रवार को दोनों पक्षों के साथ वार्ता कर स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल गांव में शांति है, हालांकि दोनों पुरवों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।