संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर मुख्यमंत्री संदर्भ सहित विभिन्न संदर्भों के सापेक्ष प्राप्त, निस्तारित और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करें।
डीएम ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करके रिपोर्ट को अपलोड करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण प्रक्रिया के दौरान शिकायतकर्ता का पक्ष अवश्य सुना जाए और संदर्भों के निस्तारण का परिणाम से भी शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए, क्योंकि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही संदर्भों के निस्तारण का मूल लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दशा में विभागीय अधिकारीगण संदर्भों का निस्तारण उसके डिफाल्ट होने से पहले ही करना सुनिश्चित करें। आईजीआरएस पोर्टल पर अधिकारी अपने मोबाइल नंबर के साथ प्रोफाइल अपडेट रखें।
बैठक के अगले चरण में कर-करेत्तर की समीक्षा के दौरान आबकारी, परिवहन, स्टाम्प एवं निबंधन, व्यापार कर, विद्युत देयों की वसूली, नगर निकायों में राजस्व संग्रह की स्थिति, खनन, मण्डी समिति, बांट माप, खाद्य एवं सुरक्षा, लोक निर्माण विभाग, सरयू नहर, ड्रेनेज खण्ड-2 सहित अन्य राजस्व संग्रह से संबंधित विभागों द्वारा मासिक लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व देयों की वसूली की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्धारित अवधि में लक्ष्य के सापेक्ष शतप्रतिशत राजस्व संग्रह के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम सदर शैलेश दुबे, एसडीएम मेंहदावल अरुण वर्मा, एसडीएम धनघटा उत्कर्ष श्रीवास्तव, अपर एसडीएम रमेश चंद्र आदि उपस्थित रहे।