मेंहदावल। नगर पंचायत मेंहदावल की सीमा विस्तार में शामिल गांव नौदरी में चल रहे इंटरलॉकिंग कार्य में गुणवत्ता और मानक की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। मानक विहीन सड़क निर्माण को रोकवाते हुए ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और डीएम से जांच कर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीण दिनेश यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए लोगों ने कहा कि नौदरी गांव में नगर पंचायत के जरिए इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। प्राथमिक विद्यालय होते हुए मुख्य मार्ग तक बनने वाली सड़क मानक विहीन बनाई जा रही है। इंटरलॉकिंग सड़क के बेस में गिट्टी डाले बिना ही इंटरलॉकिंग ईंट बिछाई जा रही है। इसे लेकर गांव के लोगों ने कई बार ठेकेदार को समझाने का प्रयास किया।
ठेकेदार अपनी मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने डीएम से मामले की जांच कराने की मांग की है। इस दौरान धीरज यादव, प्रमोद, बृजेश, बालकेश, श्रीचंद, लल्लन, पूजन, प्रदीप आदि मौजूद रहे। इस संबंध में ईओ संदीप कुमार सरोज ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी। मानक के अनुरूप ही कार्य कराया जाएगा।