संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय को सेफ सिटी बनाने की प्रशासन ने पहल की है। इसके तहत शहर के प्रमुख चौराहों को व्यवस्थित करने और इन चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई गई।
इसके बाद भी जिला मुख्यालय पर न तो चौराहे व्यवस्थित हुए, प्रमुख चौराहों पर सही जगह कैमरे लगाए गए हैं। हालांकि कलेक्ट्रेट में कमांड सेंटर बनाया गया, ताकि शहर की गतिविधियों को नजर रखी जा सके, लेकिन इसमें बाधा उत्पन्न हो रही है।
शहर में यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की दिक्कत न आए, इसके लिए शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण कराया गया है, लेकिन चौराहों को व्यवस्थित करने के लिए अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। स्थिति यह है कि कहीं पर अचानक मोड़ हैं तो कहीं रास्ते संकरे हो गए हैं।
यह स्थिति तब है जबकि शहर की आबादी बढ़कर एक लाख से ऊपर पहुंच गई है। इसके साथ ही शहर में लोगों की आवाजाही भी बढ़ी है। इससे आए दिन होने वाली जाम की समस्या को दूर करने के लिए चौराहों को व्यवस्थित करने और यहां पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं। इस योजना में अब तक मेंहदावल बाईपास चौराहे का ही चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कराया जा सका है।
यहां पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन आजाद चौक, नेहरू चौक, बैंक चौराहा सहित अन्य चौराहों की दशा नहीं सुधरी है। शहर के निवासी प्रदीप कुमार, धर्मेंद्र गुप्ता आदि ने कहा कि शहर के चौराहों को व्यवस्थित किए जाने की जरूरत है।