मेंहदावल। नगर की सरकार चुनने का उत्साह हर तरफ नजर आया। युवा वर्ग जहां मतदान में बढ़-चढ़कर भाग ले रहा था, वहीं बुजुर्ग व दिव्यांग भी मतदान करने में पीछे नहीं रहे। कई बूथों पर बुजुर्गों को परिजन मतदान स्थल तक सहारा देकर लाए। वहीं, दिव्यांग मतदाताओं को व्हील चेयर से परिजनों ने मतदान कराया।
मेंहदावल में नगर पंचायत की सरकार बनाने का उत्साह युवा वर्ग में बढ़-चढ़कर देखा गया। वहीं, नगर पंचायत सीमा विस्तार में शामिल गांव में भी बने बूथों पर मतदाताओं की भीड़ नजर आई। दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाता भी मतदान करने में पीछे नहीं रहे। प्राथमिक विद्यालय उत्तर पट्टी पर बुजुर्ग महिला को, जिनकी उम्र 90 वर्ष थी, मतदान कराने के लिए व्हीलचेयर पर बैठाकर परिजन बूथ तक ले गए। वहीं, ठठराही वार्ड के निवासी दिव्यांग अच्छेलाल यादव को परिजन बूथ संख्या 31 पर व्हील चेयर पर बैठाकर पहुंचे और मतदान कराया। उन्होंने कहा कि नगर के विकास व स्वच्छता के लिए मतदान करना आवश्यक है।
वहीं, ठठराही वार्ड की दिव्यांग युवती व्हीलचेयर से मतदान करने केंद्र पर पहुंची। बुजुर्ग महिलाएं भी बूथों तक मतदान करने पहुंचीं। नायक टोला वार्ड निवासी संजय पांडेय अपनी 90 वर्षीय मां को सहारा देकर केंद्र पर मतदान के लिए ले जाते नजर आए। दिव्यांगों व बुजुर्ग में भी मतदान को लेकर अच्छा खासा उत्साह देखने को मिला। मेंहदावल नगर पंचायत में दोपहर तीन बजे तक करीब 45 प्रतिशत मतदान हो चुका था।