सीएमओ ने सांथा सीएचसी का निरीक्षण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। सांथा विकास खंड के लोहरसन में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शुक्रवार को सीएमओ डाॅक्टर रामानुज कन्नौजिया ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई और साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया।
सीएमओ डाॅक्टर रामानुज कन्नौजिया ने सबसे पहले अस्पताल परिसर व अंदर की साफ-सफाई को देखा तथा मौजूद कर्मियों से इसे और बेहतर रखने का निर्देश दिया। इसके बाद अस्पताल में मौजूद दवाइयों की सूची देखकर मिलान किया। उपस्थिति रजिस्टर मंगाकर देखा तो कुछ लोग अनुपस्थित मिले। जिस पर पूछताछ करने पर पता चला कि कुछ लोग प्रशिक्षण के लिए गए हुए हैं। इसके बाद पैथालॉजी, स्टाॅक रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों से पूछताछ की तथा सभी को बताया कि मौसम बदल रहा है, जिससे तमाम लोगों को सर्दी, बुखार आदि की समस्या हो रही है, इसमें सावधानी बरतें तथा नजदीकी अस्पताल से सलाह लेकर इलाज करवाएं। इस दौरान डाॅक्टर अरविंद चौधरी, डाॅक्टर हरिवंश मौर्या, फार्मासिस्ट डीके शुक्ल, एलटी रितेश शुक्ला, कृष्णा और लवकुश आदि मौजूद थे।