संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण मैनेजमेंट कमेटी की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान डीएम ने डीपीआरओ को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायताें में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित कराई जाए।
बैठक में डीएम ने 15 जून से 15 अगस्त तक संचालित स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2025 के अंतर्गत सर्विस लेवल प्रोग्रेस बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत ग्रामों में आईईसी वॉल पेंटिंग के साथ स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2025 का लोगो पेंट कराने एवं नागरिक फीडबैक बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ भारत कोष अंतर्गत मिशन कार्यालय से प्राप्त धनराशि को संबंधित ग्राम पंचायत में आवंटित करने के लिए डीपीआरओ सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनपद में एक यूनिट प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के स्थल चयन करते हुए प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत सचिवालय को नियमानुसार क्रियाशील रखा जाए और जिन ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय के लिए जमीन चिह्नित की जा चुकी है, वहां निर्माण की कार्रवाई की जाए।
डीएम ने 1,500 से कम आबादी वाली ग्राम पंचायतों की ओएसआर में जमा धनराशि का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने सीडीओ और डीपीआरओ को ग्राम पंचायतों में डिजीटल लाईब्रेरी की स्थापना से संबंधित निर्देश दिए। शासन के निर्देश के क्रम में प्रथम चरण में 130 ग्राम पंचायतों में डिजीटल लाईब्रेरी की स्थापना की जानी है। इस दौरान सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया, डीडीओ प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, पीडी विजेंद्र कुमार सिंह, डीपीआरओ मनोज कुमार, डीआईओएस हरिश्चंद्र नाथ आदि मौजूद रहे।