महदेवा नानकार में तेल के लिए पंप पर भारी भीड़ के चलते लगी रही लंबी लाइनमहदेवा नानकार में तेल के
धर्मसिंहवा। क्षेत्र के महदेवा नानकार में चार दिन से ड्राई पड़े पेट्रोल पंप पर डीजल आने के बाद मंगलवार को सुबह से ही भीड़ जमा हो गई। डीजल वितरण करने के लिए बौरव्यास चौकी सहित धर्मसिंहवा थाने की फोर्स लगानी पड़ी। पंप प्रबंधन द्वारा एक हजार रुपये तक वाहनों में डीजल दिया गया। बाद में उतनी ही राशि का डिब्बा लेकर पहुंचे किसानों को भी वितरण किया गया। पेट्रोल पंप पर भीड़ का नजारा आते-जाते लोग देख रहे थे।
धर्मसिंहवा क्षेत्र के महदेवा नानकार में स्थित पेट्रोल पंप पर चार दिनों से डीजल उपलब्ध नहीं था पेट्रोल पंप प्रबंधक द्वारा बताया गया कि सोमवार को पंप पर डीजल उपलब्ध हो जाएगा। लोग सोमवार से ही पंप पर आने-जाने लगे। डीजल मंगलवार को पंप पर आया, लोगों को जैसे ही इसकी सूचना मिली कि डीजल की गाड़ी आ रही है। सुबह से ही गाड़ी और डिब्बे लगाकर लाइन में खड़े हो गए।
बताया जा रहा है कि यह लंबी लाइन काफी दूरी तक बढ़ती गई। सुबह में लगभग 11:00 बजे पंप पर डीजल आया। वितरण के दौरान लाइन में लगे डिब्बे वाले डीजल के लिए शोर मचाने लगे, जबकि एक लाइन गाड़ी वालों ने भी लगा रखी थी। बौरव्यास चौकी व धर्मसिंहवा पुलिस की फोर्स आने के बाद डीजल वितरण का कार्य शुरू हुआ। सबसे पहले लाइन में लगे गाड़ी वालों को एक हजार रुपए का डीजल दिया गया। इसके बाद लाइन में लगे डब्बा धारकों को भी क्रमशः डीजल वितरण कार्य शाम तक किया जा रहा था। चौकी और थाने की फोर्स मुस्तैदी के साथ तैनात रही।
-
मेंहदावल में 11 पंपों पर डीजल नहीं, लोग परेशान
मेंहदावल। डीजल तथा पेट्रोल को लेकर स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर डीजल उपलब्ध नहीं है। वाहन लेकर लोग तेल के लिए भटक रहे हैं। रास्ते में ही खड़े हो जा रहे हैं। क्षेत्र के 11 पेट्रोल पंपों पर डीजल उपलब्ध नहीं है। दो पेट्रोल पंपों पर केवल पेट्रोल की बिक्री हो रही है। कस्बा निवासी वेद कुमार पांडेय, आनंद पांडेय, मकसूद, राहुल रावत, दीपू यादव आदि लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंपों पर डीजल तथा पेट्रोल आ रहे हैं कुछ घंटे वितरण के बाद वितरण को बंद कर दिया जा रहा है। डीजल तथा पेट्रोल लेने वाले उपभोक्ता परेशान हैं लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। कमर्शियल वाहनों के खड़ा होने से व्यावसायिक प्रभाव पड़ रहा है। संवाद