जिला अस्पताल स्थित डायलिसिस यूनिट
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में 12 बेड के डायलिसिस यूनिट में अभी तक ऑक्सीजन सप्लाई के लिए पाइपलाइन तक नहीं डाली गई। जबकि अस्पताल परिसर में दो ऑक्सीजन प्लांट लगा है। अगर मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत होती है तो छोटे ऑक्सीजन कंसंट्रेटर से ऑक्सीजन दी जाती है।
संयुक्त जिला अस्पताल में वर्ष 2021 में डायलिसिस यूनिट की स्थापना की गई। इसमें जिस मरीज को डायलिसिस की जरूरत होती है उनका डायलिसिस किया जाता है। यदि आपके गुर्दे ठीक से काम नहीं कर रहे है तो डायलिसिस मरीज के रक्त को साफ करने का एक तरीका है। गुर्दे आपके शरीर के लिए फिल्टर का काम करते हैं। वे रक्त से अपशिष्ट को हटाते हैं और आपके मूत्र (पेशाब) के माध्यम से इसे बाहर निकाल देते हैं।
जिला अस्पताल में डायलिसिस की मुफ्त सुविधा होने की वजह से यहां अगल बगल जिले के लोग प्रति हफ्ता हजारों रुपये बचा रहे हैं। इसमें डेट भी दिया जा रहा है और उसी के अनुसार मरीजों का उपचार होता है। लेकिन इस यूनिट में अभी तक ऑक्सीजन पाइप नहीं लग सका है। जबकि अस्पताल परिसर में दो ऑक्सीजन प्लांट मौजूद है। अगर ऑक्सीजन प्लांट से ऑक्सीजन की सप्लाई होती तो मरीजों को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की जरूरत नहीं पड़ती है। इस यूनिट में प्रतिदिन 20 से 25 लोगों की डायलिसिस की जाती है।
यूनिट के प्रभारी डॉ. एपी मिश्र ने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट की दूरी अधिक है। इमरजेंसी तक पाइप आने के बाद यहां भी पाइप के सहारे ऑक्सीजन शुरू हो जाएगा।