विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर सोमवार को मेंहदावल बाईपास से जागरूकता रैली निकाली गई। इसको हरी झंडी सीएमओ डॉक्टर आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने दिखाकर रवाना किया। रैली सीएमओ कार्यालय तक गई। उसके बाद सीएमओ कार्यालय सभागार में एक गोष्ठी आयोजित हुई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. केपी सिंह ने कहा मधुमेह के रोगियों को चिकित्सकों की सलाह के अनुसार ही उपचार करना चाहिए। मधुमेह के दौरान आंखों के पर्दे सूख जाते है और आंखों की रोशनी जा सकती है। नियमित रूप से अपने आंखों की जांच कराते रहे। डॉक्टर संतोष त्रिपाठी ने बताया कि डायबिटीज से निम्न बीमारियों का खतरा औसत से कई गुना ज्यादा बढ़ जाता है। जैसे हार्ट अटैक, गुर्दा खराब होना, पैर की नसों का खराब होना आदि शामिल है। मधुमेह रोगी नियमित रूप से जांच कराए। सभी चिकित्सालयों में नि:शुल्क जांच उपलब्ध है। सीएमओ डॉक्टर आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मधुमेह रोगियों का हर चिकित्सालयों में नि:शुल्क इलाज उपलब्ध है। इसके साथ ही दवा आदि भी नि:शुल्क है। इस अवसर पर सीएमएस डॉक्टर वाईपी सिंह, डॉक्टर एस रहमान, डॉक्टर आलोक कुमार सिन्हा, डॉक्टर आर डी गौरव, डॉक्टर आरपी राय, विनीत कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य मौजूद रहे।