मेंहदावल बाईपास पर रोडवेज बस में बैठने के लिए लगी भीड़।
संतकबीरनगर। प्रयागराज में पिछले दिनों हुई भगदड़ की घटना और लगातार हो रहे जाम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे हैं। मंगलवार को श्रद्धालु माघ पूर्णिमा पर स्नान के लिए प्रयागराज के लिए गए।
परिवहन निगम ने मेंहदावल बाईपास से दो बसें रवाना की गईं। जिसमें 82 लोग सवार रहे। इसके साथ ही तमाम लोग निजी वाहनों और ट्रेनों से भी प्रयागराज के लिए प्रस्थान किए। प्रयागराज में महाकुंभ चल रहा है। कुंभ में स्नान-ध्यान का काफी महत्व है। ऐसे में जिले से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज जाकर संगम में डुबकी लगा रहे हैं। श्रद्धालुओं में इसका लेकर खासा उत्साह है।
मंगलवार को माघ पूर्णिमा पर स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न साधनों से प्रयाग राज रवाना हुए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने प्रयागराज के लिए दो बसें रवाना की। इसमें एक बस में 40 तो दूसरे बस में 42 श्रद्धालु सवार थे।
इसके साथ ही विभिन्न स्थानों से लोग निजी वाहनों से प्रयागराज संगम स्नान के लिए गए। इसमें निजी बस व अन्य वाहन शामिल हैं। इसके साथ ही कुछ लोग ट्रेनों के जरिए प्रयागराज के निकले हैं। इन्हें न तो प्रयागराज में भीड़ की चिंता है और न ही जाम की, श्रद्धालु किसी भी तरह संगम में स्नान करना चाहते हैं।
रात में हाईवे पर लगा रहा जाम : बस्ती में रूट डायवर्जन होने से सोमवार की रात में हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। बड़े वाहन जगह-जगह खड़ा करा दिए गए थे, जबकि छोटे वाहनों को दूसरी तरफ से निकाला गया। यह स्थिति अयोध्या में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ के कारण देखने को मिली। मंगलवार को दिन में भी कई जगह जाम लगा, हालांकि पुलिस ने एक-एक कर वाहनों को गंतव्य के लिए रवाना किया। जिससे लोगों को राहत मिली।