मजदूर के धनराशि का भुगतान नहीं हुआ
ग्राम प्रधानों पर दबाव बढ़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। मनरेगा मजदूरी की धनराशि लगभग दो माह से न मिलने के कारण मजदूर परेशान हैं। वहीं ब्लॉक के कुल 56 ग्राम पंचायतों में विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित है। ग्राम प्रधानों पर दुकानदारों और मजदूरों का भुगतान का दबाव बढ़ता जा रहा है। इसे लेकर प्रधान परेशान हैं।
दिसंबर माह से मनरेगा मजदूरी व सामग्री की धनराशि न मिलने से ग्राम पंचायत में जो कार्य संपन्न कराए गए हैं। उनका भुगतान न होने के कारण प्रधानों पर दबाव बढ़ रहा है। प्रधानों का कहना है कि इधर-उधर से कर्ज लेकर कार्य तो करा लिए, लेकिन सामग्री व मजदूरी की धनराशि न आने के कारण तमाम कार्य रुके हुए हैं।
इस संबंध में एपीओ अतुल कुमार जायसवाल ने बताया कि ब्लॉक में कुछ धन आया था। जिससे कुछ ग्राम पंचायतों में मजदूरों का भुगतान हो गया है, पर अधिकतर मजदूरों और सामग्री का भुगतान बकाया है। फाइलें बनकर तैयार हैं। जैसे ही धनराशि आएगी भुगतान हो जाएगा।