जल निकासी के लिए नाला, सड़क का निर्माण हो रहा है
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। नवसृजित नगर पंचायत हैंसर बाजार धनघटा में विकास की रफ्तार तेज हो गई है। जल निकासी के लिए नाला तो आने-जाने के लिए सड़क का निर्माण हो रहा है। वहीं सुबह शाम टहलने के लिए पार्क भी बन रहे हैं। इसके अलावा सोलर लाइट से नगर दूधिया रोशनी में नहा रहा है।
नगर पंचायत हैंसर बाजार धनघटा का सृजन विकास खंड हैसर बाजार के 14 ग्राम पंचायतों को भंग करके जुलाई 2022 में शासन से किया गया। धनघटा में दो करोड़ रुपये की लागत से डेढ़ किलोमीटर नाला बनना शुरू हो गया है। नाला निर्माण के साथ ही आठ वार्डों में तीन करोड़ की अधिक की रकम से सीसी रोड बनना शुरू हुआ। इतना ही नहीं मलौली व हरेवा में 78 लाख रुपये की लागत से पार्क का निर्माण भी हो रहा है।
प्रदीप अग्रहरि, बृजेंद्र, नागेंद्र, महेश राम, अजय कुमार, लालजी, रामबचन आदि का कहना है कि शुरुआती दौर में नगर पंचायत में जिस तरह के विकास कार्य संचालित हो रहे हैं। यदि इसी तरह की मेहनत व शासन का सहयोग होता रहा तो दो वर्ष के भीतर नगर पंचायत हैंसर बाजार धनघटा आदर्श नगर पंचायत के रूप में पहचान बना लेगी।
नगर पंचायत के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने के लिए इस समय छह करोड़ से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य चल रहे हैं। नगर पंचायत में करीब 10 करोड़ की परियोजनाएं अभी प्रस्तावित हैं। शासन से धन मिलने के बाद उन पर भी कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। कई प्राथमिक विद्यालयों में चहारदिवारी नहीं था। उन विद्यालयों के चारों तरफ चहारदिवारी का निर्माण भी कराया जा रहा है।
- उमेश चंद्र पासी, ईओ, नगर पंचायत हैसर बाजार धनघटा