- स्कूलों से खेल सुविधाओं की मांगी गई है रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। परिषदीय और माध्यमिक स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ अच्छे खिलाड़ी भी तैयार होंगे। इन खिलाड़ियों का डाटा वेब पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। एक खेल एक योजना के तहत अच्छे खिलाड़ी तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। जिससे छात्रों का खेल के प्रति रूझान बढ़ सके।
विभाग ने एक वेब पोर्टल तैयार किया है। जिसमें सभी स्कूल खेल शिक्षक, मैदान और खेल सुविधाओं से जुड़े विवरण पोर्टल पर अपलोड करेंगे, जिससे जिला मंडल और राज्य स्तर पर अलग-अलग खेलों की टीम तैयार की जा सके। एक विद्यालय एक खेल योजना के तहत स्कूलों से अच्छे खिलाड़ी तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। सरकारी तथा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम शुरू किया गया है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा की तरफ से जारी दिशा निर्देश के तहत समस्त सरकारी, सहायता प्राप्त तथा मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों और बेसिक शिक्षा विभाग के सरकारी तथा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में खेल सुविधाओं से जुड़ा ब्योरा वेब पोर्टल पर अपलोड किया जाना है। शत-प्रतिशत विद्यालयों का इस पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। एक विद्यालय एक खेल योजना के तहत विद्यालय एक-दूसरे के खेल संसाधनों का उपयाेग भी कर सकेंगे। डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने सभी प्रधानाचार्यों को खिलाड़ियों का ब्यौरा दर्ज करने का निर्देश दिया है।