परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक पद पर तैनात और दिसंबर माह में तीन साल की सेवा पूर्ण कर चुके शिक्षकों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने डीएम को मांगों का ज्ञापन देते हुए प्रमोशन सूची में शामिल करने की मांग की है।
शिक्षक अब्दुल अजीम, बैजनाथ चौरसिया, जफर आलम आदि का कहना था कि उनकी नियुक्ति मृतक आश्रित कोटे के तहत विभिन्न विद्यालयों में सहायक अध्यापक के पद पर हुआ है। जिले में तीन साल की सेवा पूर्ण कर चुके शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया चल रही है। जिसमें उनको शामिल नहीं किया जा रहा है। जबकि उन्हें 18 दिसंबर 2013 से प्रशिक्षित वेतनमान मिल रहा है। इसके साथ ही उनका तीन वर्ष की सेवा 18 दिसंबर 2016 को पूर्ण हो रही है। नियमानुसार वे भी प्रमोशन के लिए अर्ह हैं।
इसके बारे में बीएसए कार्यालय से संपर्क किया गया तो वहा से कोई जवाब नहीं मिल रहा है। अगर उन लोगों का प्रमोशन नहीं हुआ तो वे पिछड़ जाएंगे। उन्होंने डीएम से प्रमोशन सूची में शामिल कराने की मांग की है। इस अवसर पर रमेश चंद यादव, समीउल्लाह, लाल बहादुर राय, अरुण कुमार, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, विनोद कुमार राय, आराधना सौरभ समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।