मगहर। नगर पंचायत मगहर बोर्ड की बैठक बृहस्पतिवार को चेयरमैन अनवरी बेगम की अध्यक्षता में हुई। इसमें सभासदों ने बढ़े हुए गृह कर को संशोधित किए जाने की मांग की। साथ ही नगर के विकास कार्यों के लिए कदम उठाने पर जोर दिया। इसके अलावा ही नगर के आय-व्यय पर भी बैठक में चर्चा हुई।
नगर पंचायत कमेटी की बोर्ड की पिछली बैठक असफल होने के बाद बृहस्पतिवार को चेयरमैन अनवरी बेगम ने पुनः बैठक आयोजित कर गतिरोध पर विराम लगाने का प्रयास किया। बैठक में 13 सभासदों में से सरिता पासवान और मनोनीत सभासद सुनीता यादव अनुपस्थित रहीं। बीते वर्ष नवंबर में चेयरमैन ने बैठक की थी, इसके बाद यह बैठक आयोजित हुई।
इस दौरान सभासदों ने बढ़े गृह कर को संशोधित कर लागू करने की मांग की। सभासद अवधेश सिंह ने नगर में खराब स्ट्रीट लाइट एवं खंभों को बदलने की मांग की है। नगर में खराब सीसीटीवी कैमरे तत्काल ठीक कराने की बात भी कही। सभासद मेंहदी हसन ने नालों की सफाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने सुझाव दिया गया कि मानसून आने से पहले नालों की सफाई करा दी जाए।
सभासद कृष्ण चंद्र सैनी ने आमी नदी को प्रदूषित होने से रोकने के लिए नाले में स्क्रीन जाली लगाने की मांग की। सभासद आतिफ ओवैद ने नगर वासियों को मच्छरों के प्रकोप से निजात दिलाने के लिए प्रत्येक वार्ड में प्रत्येक शनिवार को फाॅगिंग कराना सुनिश्चित करने एवं स्टील टैंकर की संख्या बढ़ाने का मुद्दा उठाया।
अतुल श्रीवास्तव ने नगर को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 2025-26 में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के लिए समस्त वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाए जाने की बात कही। मनोनीत सभासद गौरव निषाद ने चेयरमैन को पत्र देकर नगर पंचायत कार्यालय को डिजिटल, हाईटेक बनाने के साथ ही नगर पंचायत का हेल्पलाइन नंबर जारी करने का मुद्दा उठाया। कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए।
बैठक में ईओ वैभव सिंह, मुसर्रत जहां, अमीरूद्दीन, रईस आलम, अब्दुल कलाम, मेंहदी हसन, मोहसिना खातून, अतुल श्रीवास्तव, नजमूस्सेहर, रूही बेगम, गौरव कुमार निषाद, अरुण कुमार गुप्ता, लिपिक संजय कुमार दूबे उपस्थित रहे।