शिक्षक-कर्मचारियों ने बांधी काली पट्टी
संतकबीरनगर। अटेवा के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को काला दिवस मनाया गया। शिक्षकों और कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग को लेकर काली पट्टी बांधकर विद्यालयों और कार्यालयों में कार्य किया।
खलीलाबाद में अटेवा (ऑल टीचर्स एंड एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन) के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार चौहान और मंडलीय मंत्री मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन हुआ। जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार चौहान ने कहा कि अटेवा अपनी स्थापना काल से ही एक अप्रैल को काला दिवस के रूप में मनाता आ रहा है। यह पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एक प्रतीकात्मक विरोध है।
जिला महामंत्री हरी किशोर सिंह, कोषाध्यक्ष पंकज चौधरी, मंडलीय मंत्री संजय शर्मा, जिला कैडर प्रभारी उदय राज यादव आदि उपस्थित रहे।