संतकबीरनगर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी अनुज मलिक से मुलाकात कर व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। व्यापारियों ने समस्याओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर जल्द समाधान कराने की मांग की।
मंडल के प्रदेश महामंत्री एवं जिलाध्यक्ष श्रवण अग्रहरि ने कहा कि व्यापारी वर्ग जिले की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जुड़े प्रशासनिक मामलों, बाजारों में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण, व्यापारिक सुविधाओं तथा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को उठाया।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर उनका यथासंभव शीघ्र निस्तारण कराया जाए। साथ ही बाजारों में यातायात और पार्किंग की व्यवस्था बेहतर करने तथा अतिक्रमण की समस्या का समाधान कराने की मांग की।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जैन, जिला महामंत्री विनीत चड्ढा, जिला कोषाध्यक्ष हरिलाल गुप्ता, वीरेंद्र सिंह राजपूत, पेशकार अहमद, महमूद खान, शेखू खान, निकेश पोद्दार, उदयराज अग्रहरि, लालजी अग्रहरि आदि माैजूद रहे।