संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। क्षेत्र में मानसून की सक्रियता और लगातार हो रही बारिश ने तिरपाल, पाॅलीथिन और छातों की मांग अचानक बढ़ गई है। कई दिनों से सुस्त पड़े बाजार में इन सामानों की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
किसान, दुकानदार और आम लोग अपने घरों, पशुओं, अनाज और सामान को बारिश से सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल व प्लास्टिक की खरीदारी कर रहे हैं। सेमरियावां, करही, लोहरौली, सालेहपुर दुधारा, उसराशहीद,सेहुड़ा, दानोकुइयां नव्वागांव, टेमारहमत, चिउटना आदि चौराहों व बाजारों में तिरपाल, प्लास्टिक पन्नी, छाता की दुकान सजी हुई है।
बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में काम करने वाले किसानों के अलावा छोटे व्यापारी और ठेला-फेरी वाले लोग भी बड़ी संख्या में छाता व तिरपाल खरीद रहे हैं। स्कूल खुलने के कारण विद्यार्थियों और अभिभावकों में भी छातों की मांग बढ़ गई है।