संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी से अधिवक्ताओं में नाराजगी व्याप्त है। सोमवार को अधिवक्ताओं ने एसपी सत्यजीत गुप्ता से मुलाकात की और अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एएसपी ने कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया।
सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महीप बहादुर पाल ने कहा कि चार दिन पूर्व कलक्ट्रेट गेट पर हापुण की घटना को लेकर अधिवक्ता प्रदर्शन कर रहे थे। उसी दौरान धनघटा विधायक गणेश चंद चौहान गुजरे तो अधिवक्ता अपनी बात कहने के लिए विधायक की गाड़ी रोक लिए थे। उसी के बाद कुछ लोग सोशल मीडिया पर अधिवक्ताओं के लिए अभद्र टिप्पणी किए। सोशल मीडिया पर किए गए अभद्र टिप्पणी से अधिवक्ता आहत है। ऐसे लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाए। इस संबंध में एसपी को लिखित तहरीर दिया। एसपी ने जांच करा कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान जनपद बार के महामंत्री सुनील कुमार पांडेय, निरंजन, चतुर शुक्ल, अखिलेश्वर राय और सुशांत आदि उपस्थित थे।