देवरिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने मंगलवार को विकास खंड देवरिया सदर और भलुअनी के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों में बच्चों की बेहद कम उपस्थिति और बदहाल व्यवस्था मिलने पर बीएसए ने गहरी नाराजगी जताई और शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
बीएसए सुबह नौ बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय परसिया मिश्र का निरीक्षण किए। यहां नामांकित 34 बच्चों के सापेक्ष केवल 6 बच्चे उपस्थित मिले। मध्यान्ह भोजन में मीनू के अनुसार दाल-चावल की जगह सोयाबीन-चावल बनाया जा रहा था और किचन में गंदगी थी। बच्चों में शिक्षा की गुणवत्ता भी कमजोर पाई गई। स्कूल के शौचालय के ठीक बगल में विद्युत विभाग का ट्रांसफार्मर लगा मिला। इसे बीएसए ने हटवाने का निर्देश दिया। इसके बाद बीएसए 9:48 बजे प्राथमिक विद्यालय परसिया मिश्र पहुंचे। स्कूल का किचेन शेड जर्जर अवस्था में मिला। स्कूल की 10 मीटर चहारदीवारी ग्रामीण द्वारा तोड़े जाने की बात सामने आई। बीएसए ने इसे बनवाने का निर्देश दिए।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय नरौली संग्राम में 1:07 बजे बीएसए ने निरीक्षण किया। स्कूल में 54 बच्चों का नामांकन है, लेकिन मौके पर केवल 5 बच्चे ही उपस्थित मिले। तैनात तीनों शिक्षक उपस्थित थे।
बीएसए ने सभी स्कूलों के शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाते हुए अभियान चलाकर नामांकन और छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने का निर्देश दिया।
विद्यालय में साफ सफाई कराने और उच्च प्राथमिक विद्यालय के पास से ट्रांसफार्मर हटवाने के लिए बिजली निगम के अधिकारियों से बात करने का निर्देश दिया। बीएसए ने कहाकि अगले निरीक्षण में यदि सुधार नहीं दिखा, तो कठोर दंडात्मक कार्रवाई होगी।