ग्राम पंचायत सामान्य निर्वाचन में रविवार को कड़ी चौकसी के बीच नौ मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती शुरू होगी। मतगणना सुबह सात बजे से शुरू होगी और अंतिम परिणाम आने तक जारी रहेगी।
मतगणना को सकुशल संपंन कराने के लिए प्रशासन ने शनिवार देर शाम तक तैयारियां पूरी कर ली है। मतगणना के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिसके जरिए मतगणना टेबल और मतगणना एजेंटों की हर हरकत पर नजर रखी जाएंगी। मतगणना के लिए कुल 432 टेबल लगाए गए हैं। चरणवार मतगणना एजेंटों को परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।
शनिवार को दिनभर अधिकारीे मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। मतगणना कार्मिकों को गणना का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मतगणना टेबल के सामने बैरीकेडिंग कराकर उस पर लोहे की जाली लगाई गई है, ताकि कोई भी एजेंट या प्रत्याशी मतपत्र तक न पहुंच सके।
इस बात का ध्यान रखा गया कि टेबल पर मतों की गिनती के समय एजेंट प्रत्येक वोट पर नजर रख सके। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाएं। इसके जरिए मतगणना कार्मिकों व एजेंटों पर भी नजर रखी जाएगी।