मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू का मामला
पीड़ित परिवार के लोगों ने डीएम से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू में भर्ती नवजात की मौत के बाद परिवार के लोगों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर से शिकायत की। इस मामले में जिलाधिकारी ने एसडीएम नौगढ़ डॉ. ललित कुमार मिश्र एवं एसीएमओ डॉ. प्रशांत को जांच सौंपी। जांच का आदेश मिलते ही एसडीएम ने मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों का बयान लिया।
शहर के जगदीशपुर के रहने वाली शारदा तिवारी ने शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रार्थी अपनी बहू प्रियंका तिवारी को जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया। चार सितंबर को सामान्य प्रसव हुआ। नवजात की तबीयत बिगड़ी तो उसे एसएनसीयू में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही के कारण नवजात की तबीयत और बिगड़ गई। डॉ. नम्रता चौधरी व मुकेश अग्रहरी ने ऑक्सीजन की कमी बताकर मुंह में पाइप जबरदस्ती लगाया तो बच्चे के मुंह से खून निकलने लगा। उन्होंने डॉक्टरों के व्यवहार की शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस मामले में एसडीएम डॉ. ललित कुमार मिश्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों का बयान लिया गया है।
झटके के कारण आता है खून
नवजात का जन्म समय से पहले हुआ था। जन्म के बच्चे ने रोया नहीं और गंदा पानी पी लिया था। उसे लगातार झटका आ रहा था। डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों ने नवजात की जान बचाने की पूरी कोशिश की। पांच सितंबर की रात 9 बजे तबीयत में सुधार नहीं हो रहा था तो परिवार के लोगों को समझाकर रेफर कर दिया गया, लेकिन वे बच्चे को ले जाने की बजाए गाली गलौज करने लगे। रेफर करने के दो घंटे बाद नवजात को ले गए तो स्थिति और गंभीर हो गई थी। झटका आने के कारण बच्चे के मुंह और नाक से खून आया होगा, क्योंकि ऑक्सीजन पाइप डालने का काम प्रशिक्षित लोगों ने किया। इस मामले में मैंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से कि शिकायत की है। उनके दुर्व्यवहार की वीडियो रिकॉर्डिंग भी है।
-डॉ. नम्रता चौधरी, एचओडी, शिशु रोग विशेषज्ञ