दोनों घुटने पर गंभीर चोट के निशान, गले पर भी है जख्म
लाश से लगभग पांच मीटर दूरी पर पुलिया में मिली बाइक
डुमरियागंज के भरवठिया मुस्तहकम गांव के पश्चिमी पेंड़रियाजीत मार्ग के पास का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भरवठिया मुस्तहकम गांव के पश्चिम सड़क के गड्ढे में रविवार सुबह एक युवक की लाश मिली। उसके दोनों घुटने पर गंभीर चोट और गले पर भी जख्म के निशान मिले हैं। बाइक पुलिया के नीचे मिली है। परिस्थितियों को देखकर लोग हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस इसे हादसा मान रही है। युवक रिश्तेदार के यहां से लौट रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के भाई ने मामले की जांच करके कार्रवाई की मांग की है।
भवानीगंज थाना क्षेत्र के बिथरिया बड़ी गांव निवासी बच्चाराम (35) पुत्र जगराम यादव शनिवार दोपहर करीब चार बजे अपनी पत्नी संगीता को लेकर उसकी मौसी के घर त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बढ़या गांव परमात्मा यादव के घर श्रीमद्भागवत कथा के भंडारा में छोड़ने गया था। बच्चाराम पत्नी को बढ़या छोड़कर अपने घर बिथरिया आ गया। रात करीब आठ बजे बच्चाराम अपनी बाइक से बढ़या श्रीमद्भागवत कथा के भंडारे में भोजन करने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब बच्चाराम वापस नहीं पहुंचा तो परिजनों को लगा की वहीं रात में रुक गया होगा।
रविवार सुबह करीब छह बजे लोग टहलने निकले तो देखा कि एक युवक की लाश भरवठिया मुस्तहकम गांव के पश्चिम बिथरिया पेड़रियाजीत मार्ग के बगल पूरब तरफ गड्ढे में पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मृतक बच्चाराम के रूप में की। बच्चाराम के दोनों घुटने गंभीर रूप से चोटिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देखने में लग रहा था जैसा प्रहार किया गया हो। इसके साथ ही उसके लगे पर जख्म के निशान थे। वहीं, बाइक लगभग पांच मीटर दूर पुलिया के नीचे मिली। इन पहलुओं को देखने के बाद लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। जबकि पुलिस अभी इसे हादसा मान रही है।
मृतक के भाई श्यामू उर्फ गोलू यादव ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची डुमरियागंज पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज मुकेश कुमार राय ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का छाया
भरवठिया मुस्तहकम गांव के पश्चिम सड़क के गड्ढे में मिली बिथरिया बड़ी गांव निवासी बच्चाराम लाश को जहां पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई में जुटी गई है। वहीं, बच्चाराम के मौत से उसके तीन मासूम बच्चों रिया सात साल, विराट पांच साल, सगुन दो साल के ऊपर से पिता की छाया उठ गया है। पति के मौत की सूचना पर पत्नी संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है।
फॉरेंसिक टीम ने की जांच
लाश मिलने की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सीओ अखिलेश वर्मा मौके पर पहुंचे। इनके साथ ही फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंच कर जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम के सब इंस्पेक्टर दिवाकर यादव ने घटना स्थल को बारीकी से जांच कर कुछ साक्ष्य भी जुटाया।