वर्ष 2022 में पत्नी की हत्या करने के बाद नेपाल में ही रह रहा था आरोपी
एसओजी और मोहाना पुलिस डफालीपुर पुल के पास से मुठभेड़ में पकड़ा
बाएं पैर में लगी गोली, इलाज के बाद न्यायालय के समक्ष किया प्रस्तुत, गया जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। पत्नी की हत्या करके दो साल से नेपाल में छिपे रहे 25 हजार के इनामी को मोहाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार सुबह क्षेत्र के डफालीपुर से मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर मेें गोली लगी है। उसके पास से तमंचा, कारतूस आदि बरामद किया गया है। इलाज के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
सीओ सदर सुजीत कुमार राय ने बताया 28 नवंबर 2022 को मोहाना थाना क्षेत्र के डफालीपुर गांव के पास बाग में एक महिला की लाश मिली थी। मृतका की पहचान नेपाल के ग्राम भभई थाना लुंबिनी जिला रुपनदेही नेपाल राष्ट्र की रहने वाली भामा देवी पुत्री लड़की सरोज के रूप में हुई थी। पहचान होने के बाद मृतका के मायके वालों की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। चूंकि वह नेपाल का निवासी था, इसलिए केस दर्ज करने के बाद से फरार था। उसपर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगी थी।
इसी बीच सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त थोड़ी देर बाद नेपाल से डफालीपुर पुल के रास्ते सिकरी बाजार की तरफ अपने रिश्तेदार के यहां आएगा। सूचना पर पुलिस टीम डफालीपुर पुल के उत्तरी छोर पर पहुंचकर चेकिंग करने लगी। कुछ देर बाद एक बाइक बड़ी तेजी से आती दिखाई दी। टार्च व हाथ के इशारे से बाइक को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस टीम की ओर से पकड़ने के लिए दौड़ाया गया तो जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर टारगेट कर फायर कर दिया। जिसमें गोली थानाध्यक्ष मोहाना के कान के बगल से निकली। आत्म सुरक्षार्थ पुलिस टीम द्वारा एक राउंड फायर किया गया। गोली बाएं पैर में लगी, जिससे भाग रहा आरोपी संजय लोध निवासी माया देवी गाऊ पालिका वार्ड नंबर नौ धमौली टोला थाना सुर्यपुरा जिला रुपनदेही राष्ट्र नेपाल लड़खड़ाकर गिर गया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस आदि बरामद किया गया।
प्राथमिक उपचार देकर सीएचसी बर्डपुर भेजा गया। फायरिंग करने के मामले मेें गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया। पूछताछ के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पहली पत्नी की हत्या में नेपाल के जेल में 18 माह था बंद
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हत्यारोपी संजय लोध ने बताया गया कि मेरी दूसरी शादी ग्राम भभई थाना लुंबिनी जिला रुपनदेही नेपाल राष्ट्र की भामा देवी की लड़की सरोज से 2021 में हुई थी। शक था कि पत्नी का संबंध किसी अन्य आदमी से है। इसी कारण पत्नी की हत्या करने के लिए 28 नवंबर 2022 को उसे लेकर भारत के सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाना क्षेत्र के सीकरी मेला दिखाने लाया था। जहां अपने रिश्तेदार इन्द्रेश निवासी लोधपुरवा थाना मोहाना के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। हाथ पैर रस्सी से बांध कर डफालीपुर पुल के पास फेंक दिया था।
पहली पत्नी के संबंध में पूछने पर बताया कि मेरी पहली पत्नी भी नेपाल की थी। उसकी भी हत्या शादी के एक वर्ष के भीतर ही अपने घर में ही कर दिया था। जिसके कारण मैं नेपाल के जेल में 18 माह बंद था।