- मनकुपुर गांव निवासी युवती की मौत का मामला
- परिवार के लोग लगा रहे हत्या का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के मनकुपुर गांव निवासी 22 वर्षीय युवती की हुई मौत हादसा या हत्या के बीच उलझती नजर आ रही है। पुलिस ने विद्युत करंट से हुई मौत की बात कहकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही मृतका का भाई बहन की हत्या पट्टीदारों द्वारा किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मृतका 22 वर्षीय सलोनी के भाई ऋषिकेश का आरोप है कि उसका और उसके पटटीदारों के बीच विवाद लंबे समय से चल रहा है। पांच अक्तूबर की रात करीब 10:00 बजे पाटीदारी की कुछ महिलाएं बहन सलोनी को अपने घर बुलाई। उनके बुलावे पर सलोनी वहां गई तो पटीदारी के लोग बगल में स्थित खेत में ले गए। जहां पहले से ही विद्युत तार चारों तरफ से घेर कर करंट दौड़ाया गया था। धोखे से वहां सलोनी को धक्का देकर करंट प्रवाहित तार पर गिरा दिए। जिससे वह करंट की चपेट में आकर दम तोड़ दी।
पूरी रात बहन सलोनी की तलाश की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। छह अक्तूबर की सुबह थाने पर पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई गई। उसके बाद भी बहन की तलाश की जा रही थी। देर शाम को पता चला कि वह पटटीदार के खेत में गिरी पड़ी है। वहां पहुंचकर देखा गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस प्रथम दृष्टया करंट की चपेट में आने से सलोनी की मौत को मानकर उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात मृतका के भाई ने थाने पर तहरीर देकर पटीदारों पर बहन की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। एसओ अनिल कुमार का कहना है कि इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।