मामले की जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। उमरिया बाजार में ससुराल गए एक मजदूर की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। मंगलवार को सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
मनकूपुर निवासी 55 वर्षीय हरीराम की ससुराल उमरिया बाजार निवासी लालमन के घर है। पत्नी मायके में थी। जबकि तीन बेटे दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। सोमवार शाम हरीराम अपने ससुराल पहुंचे। उनकी पत्नी लालमती व साले लालमन ने बताया कि हरीराम अत्यधिक शराब के नशे में थे। वह बगैर भोजन किए सो गए। सुबह जब बिस्तर से नहीं उठे तो पत्नी उन्हें जगाने के लिए पास गई तो वह मृत हाल में पड़े थे। हरीराम की मौत को लेकर तरह- तरह की चर्चा होने लगी। कोई उनकी हत्या की आशंका जता रहा था तो कोई शराब जहरीली होने की बात कह रहा था। हरीराम की मौत किस कारण से हुई, इसका पता तो पोस्टमार्टम के बाद ही चल सकेगा।
प्रभारी थानाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी ने बताया कि मृतक के बेटे दिल्ली से घर लौट रहे हैं। देर शाम तक उनके पहुंचने की संभावना है। उनके आने के बाद ही इस मामले में कोई कार्रवाई की जाएगी। मृतक हरीराम शराब पीने के आदी थे।।