लवकुश हत्याकांड : कदम-कदम पर पुलिस बरत रही शिथिलता
पहले केस दर्ज करने से कतराती रही, अब आरोपियों की गिरफ्तारी से कर रही परहेज
बहू समेत पांच लोगों पर दर्ज है हत्या का मुकदमा, इकलौते बेटे की मौत के सदमे से नहीं उबर पा रही मां
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। बेलहर क्षेत्र के लोहरौली मिश्र गांव निवासी लवकुश की मौत के मामले में बेलहर थाने की पुलिस कार्रवाई में कदम-कदम पर शिथिलता बरत रही है। पहले तो मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी हुई। केस दर्ज करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी से बच रही है। कार्रवाई होती न देख पीड़ित मां ने एसपी से बेटे की हत्या के मामले में दर्ज केस की विवेचना किसी दूसरे थाने से कराए जाने की मांग की।
लककुश की मां भानमती का आरोप है कि 23 अक्तूबर की देर शाम उसका इकलौता बेटा लवकुश उर्फ रिंकू यादव साली के फोन करने पर ससुराल गया था। रात में बेटे पे अपने मित्र के पास मैसेज किया कि उसे ससुराल के लोग मारपीट रहे हैं। अगले दिन सुबह (24 अक्तूबर को) लोहरौली मिश्र गांव के पूरब सागौन के पेड़ में उसका शव लटका मिला। मां ने थाने में बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी। कार्रवाई नहीं हुई तो एसपी से गुहार लगाई। इसके बाद दो नवंबर को बहू समेत पांच लोगों पर हत्या का केस दर्ज हुआ।
29 दिन गुजर गए और अभी तक पुलिस ने एक भी आरोपी की गिरफ्तारी तक नहीं की। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस मुकदमे को कमजोर करने में लगी है। पीड़ित मां ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ दूसरे थाने से विवेचना कराए जाने की मांग की। प्रभारी एसओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि हत्या के आरोप में बहू समेत पांच लोगों पर केस दर्ज है। विवेचना चल रही और साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। साक्ष्य संकलन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।