संतकबीरनगर। तरकुलहवा देवी मंदिर से दर्शन करके लौट रहे युवक के ऊपर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्गा मंंदिर मगहर के पास कुछ हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को पीटकर बेहोश कर दिया। वारदात को अंजाम देकर कार सवार हमलावर भाग गए। शनिवार को पुलिस ने दो नामजद और छह-सात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया।
महुली क्षेत्र के विश्वनाथपुर निवासी सर्वेंद्र पांडेय पुत्र दिलीप पांडेय ने बताया कि वह शुक्रवार को गांव के चार लोगों के साथ बोलेरो से तरकुलहवा देवी मंंदिर से दर्शन करके घर लौट रहे थे। कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मगहर दुर्गा मंदिर के पास कार सवार कुछ लोगों ने ओवर टेक करके उसकी बोलेरो को रोकवा लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते,तब तक उक्त कार में बैठे विकास अग्रहरि निवासी मुखलिसपुर महुली, रिसाद सिद्दीकी बंडाबाजार धनघटा और छह सात अज्ञात लोगों ने हॉकी, डंडा व चाकू से उसके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। उसे लोग गाड़ी से खींच कर मारने-पीटने लगे। उसके साथ गाड़ी में बैठे सालिकराम चौहान को भी गाड़ी से खींच कर जाति सूचक शब्दों से अपमानित करते हुए हमलावर कर दिए।
पीड़ित के साथ में ही गाड़ी में बैठे नवनीत उपाध्याय और जयराम यादव ने जब हमलावरों को रोकना चाहा तो उन्हें भी मारने पीटने लगे। हमलावरों की पिटाई से सर्वेंद्र पांडेय को सिर, चेहरा, आंख, हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि लोग उसे मरा समझ कर असलहा लहराते हुए भाग गए। उसे बेहोशी की हालत में साथ में मौजूद लोग जिला अस्पताल ले गए। एसएसआई रविंद्र सिंह ने बताया कि विकास अग्रहरि, रिसाद सिद्दीकी और छह,सात अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।