मां की लाश मिली, बगल में बेहोश पड़ी थी बेटी
महिला की कनपटी और बेटी के सिर में धारदार हथियार से चोट के निशान
पुलिस हत्या मानकर जांच में जुटी, बेटी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दी गई
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मसिंहवा। सिंगहा गांव के सीवान में चकरोड पर मंगलवार की रात मुसहरा गांव की एक महिला की लाश मिलने से सनसनी मच गई। महिला के पास ही बेटी गंभीर रूप से घायल मिली। सीवान की ओर गए कुछ ग्रामीणों ने मां-बेटी को चकरोड़ पर पड़ा देखा तो शोर मचाया। घायल बेटी को लोग सीएचसी मेंहदावल ले गए। वहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस हत्या मानकर जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार मुसहरा गांव निवासी 42 वर्षीय शांति देवी अपनी 18 वर्षीय बेटी रंजू के साथ मंगलवार की शाम सिंगहा गांव के सीवान में सरसों के खेत में गई थी। इसके बाद जाने क्या हुआ, दोनों अपने खेत से 50 मीटर दूर रात लगभग आठ बजे चकरोड पर गिरी पड़ी थीं। मां की मौत हो चुकी थी, जबकि बेटी घायल थी। घायल युवती को लोग सीएचसी मेंहदावल ले गए। वहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। महिला के सिर में डंडे और धारदार हथियार के चोट के निशान मिले हैं, जबकि बेटी के भी सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटनास्थल पर सरसों का बोझा भी पड़ा मिला है। सूचना मिलने पर एसओ विनय पाठक ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि महिला के सिर में दाहिनी तरफ कनपटी पर चोट के निशान हैं, जबकि बेटी के सिर में चोट लगी है और वह बेहोशी की हालत में है। शांति देवी की तीन बेटियां हैं। उनके पति और बेटा गोरखपुर में फल का कारोबार करते हैं। घटना के पीछे क्या वजह है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हत्या मानकर जांच कर रही है। युवती के होश में आने पर ही सच्चाई का पता चल पाएगा। एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। जैसे ही तहरीर मिलेगी, केस दर्ज कर लिया जाएगा। प्रकरण से जुड़े हर बिंदु पर जांच की जा रही है।