कटका गांव में मृतक अमर के रोते बिलखते परिजन।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
संतकबीरनगर जिले के महुली क्षेत्र के कटका गांव के युवक का शव बृहस्पतिवार को गिठनी के पास सरयू नहर में मिला। सूचना पर आसपास के लोगों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के गिठनी और आसपास के गांवों के बच्चे बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे स्कूल जा रहे थे। उसी दौरान गिठनी गांव के समीप स्थित सरयू नहर में एक लाश उतराती देखकर बच्चों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के गांवों के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर एसओ संतोष कुमार मिश्र भी साथ पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव की पहचान क्षेत्र के कटका गांव निवासी 35 वर्षीय अमर पुत्र स्वर्गीय छट्ठू के रूप में हुई। 12 जनवरी से अमर लापता था। पीड़ित परिजनों ने 15 जनवरी को महुली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
ग्रामीणों ने बताया कि दो भाईयों में अमर छोटा था। बड़े भाई राधेश्याम का परिवार अलग रहता है। अमर गांव में ही मेहनत मजदूरी करता था। उसकी पत्नी मधुबाला तथा दो बेटी और दो बेटे हैं।
पीड़ित पत्नी मधुबाला ने बताया कि 12 जनवरी की शाम को किसी के बुलावे पर पति घर से गए थे और फिर नहीं लौटे। उनकी तलाश की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चला। उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पति की मौत कैसे हुई समझ में नहीं आ रहा है।
थानाध्यक्ष संतोष मिश्र ने बताया कि शरीर पर चोट का निशान दिखाई नहीं दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।