- बेलहर क्षेत्र के परासी गनवरिया का मामला, मजदूरी कर परिवार चलाता था
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। क्षेत्र के परासी गनवरिया में बुधवार की रात युवक का फंदे से लटका शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में चीख-चुकार मच गई।
परासी गनवरिया निवासी संदीप ने बताया कि भाई रघुवीर (34 वर्ष) पुत्र संतबली को बुधवार की रात खाना खाने के लिए बुलाने गए। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। धक्का देकर दरवाजा खोला तो रघुवीर पंखे में फंदे से लटका था। उसके बाद नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। इस दौरान आसपास के लोगाें की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रघुवीर की पत्नी प्रभावती का रो-रो कर बुरा हाल है। रघुवीर के तीन बच्चे हैं। वह मजदूरी करके परिवार का जीवनयापन चला रहा था लेकिन उसकी मौत के बाद परिवार में आर्थिक संकट पैदा हो गया। उसकी मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई है। इस संबंध में मेंहदावल सीओ राघवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।