मेंहदावल। नगर पंचायत के नई बाजार में 35 वर्षीय युवक के छत की कुंडी में फंदे से लटकता शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाते हुए कब्जे में लिया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मेंहदावल नगर पंचायत के नई बाजार निवासी फकरे आलम का 35 वर्षीय पुत्र गुलाम हुसैन वार्ड में ही चाय की दुकान चलाता था। सोमवार की रात वह अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार की सुबह काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नही निकला तो भाई फजले हुसैन ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई आवाज नहीं आई। तब रोशनदान से झाांककर देखा तो भाई का फंदे से लटकता शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर थानाध्यक्ष रामकृष्ण मिश्रा हमराही कांस्टेबलों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की वीडियोग्राफी कराने के साथ शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। थानाध्यक्ष रामकृष्ण मिश्रा ने बताया कि मृतक के दो पुत्री व एक पुत्र हैं। परिवार रिश्तेदारी में गया था। मृतक घर पर अकेला था। पूछताछ में मृतक नशे का आदी बताया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।